पटना : राजधानी पटना में मेट्रो परियोजना को बड़ी गति देते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को पटना मेट्रो रेल परियोजना के प्रायोरिटी कॉरिडोर के अंतर्गत मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने शिलापट्ट का अनावरण और फीता काटकर मेट्रो सेवा के विस्तार का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने स्टेशन का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध यात्री सुविधाओं की जानकारी भी ली।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने यात्रियों की सुविधा के लिए पटना मेट्रो प्री-पेड स्मार्ट कार्ड की भी शुरुआत की। इस कार्ड के माध्यम से यात्रियों को बार-बार टिकट खरीदने की आवश्यकता नहीं होगी और वे डिजिटल तरीके से आसानी से मेट्रो यात्रा कर सकेंगे।

उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने प्री-पेड स्मार्ट कार्ड का उपयोग करते हुए मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन से भूतनाथ मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो से यात्रा की। उन्होंने इसे बिहार के शहरी परिवहन क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि राज्य सरकार आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था विकसित करने के लिए लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मलाही पकड़ी स्टेशन के शुरू होने से पूर्वी पटना के लाखों लोगों को तेज, सुगम और सुविधाजनक आवागमन का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि मेट्रो सेवा के विस्तार से सड़क यातायात का दबाव कम होगा, यात्रा का समय घटेगा और प्रदूषण नियंत्रण में भी महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पटना मेट्रो परियोजना का कार्य तेज गति से पूरा किया जाए, ताकि निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी परियोजना जनता को समर्पित की जा सके। सरकार का लक्ष्य राजधानी में मजबूत सार्वजनिक परिवहन प्रणाली विकसित करना है, जिससे विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और आम नागरिकों को बेहतर यात्रा सुविधा मिल सके।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेन्द्र प्रसाद यादव, नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, विधायक संजय कुमार, विधान पार्षद संजय सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, पटना मेट्रो रेल निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार आर. पुडकलकट्टी, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

You missed