नालंदा : टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से शनिवार को नालंदा की जिलाधिकारी उदिता सिंह ने समाहरणालय परिसर से चलंत चिकित्सा दलों को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न प्रखंडों के लिए रवाना किया। इस अभियान का उद्देश्य जिले में 100 प्रतिशत टीबी स्क्रीनिंग सुनिश्चित करना है, ताकि समय रहते मरीजों की पहचान कर उनका उपचार किया जा सके।

इस अवसर पर जिलाधिकारी उदिता सिंह ने कहा कि टीबी एक गंभीर लेकिन पूरी तरह से उपचार योग्य बीमारी है। यदि समय पर इसकी पहचान हो जाए तो मरीज का सफल इलाज संभव है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग प्रत्येक नागरिक तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चला रहा है।
डीएम ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे स्वयं और अपने परिवार के सभी सदस्यों की टीबी स्क्रीनिंग अवश्य कराएं तथा इस जनहितकारी अभियान को सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करें।
गौरतलब है कि 3 जुलाई 2026 से जिले के सभी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रेफरल अस्पताल, अनुमंडल अस्पताल और सदर अस्पताल में प्रतिदिन व्यापक स्तर पर टीबी स्क्रीनिंग अभियान संचालित किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य अधिक से अधिक लोगों की जांच कर टीबी मुक्त नालंदा की दिशा में प्रभावी कदम उठाना है।
नालंदा से संजय कुमार की रिपोर्ट
