
आमसभा के आयोजन को लेकर बीडीओ द्वारा पंचायत सचिव, आवास सहायक और संबंधित मुखिया को आवश्यक जिम्मेदारी सौंपी गई थी। दोनों पंचायतों में विभिन्न वार्डों से बड़ी संख्या में ग्रामीण आमसभा में पहुंचे और लाभार्थी सूची की जानकारी ली।
महकार पंचायत में ग्रामीणों से ली गई जानकारी
महकार पंचायत सरकार भवन में मुखिया कुमार अजय सिन्हा की अध्यक्षता में विशेष आमसभा आयोजित हुई। पंचायत सचिव उमाकांत सिंह और आवास सहायक कल्पना ने ग्रामीणों के समक्ष प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों की सूची प्रस्तुत की।

ग्रामीणों ने सूची में दर्ज नामों के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान पात्र परिवारों की पहचान, योजना का लाभ दिलाने तथा सूची में शामिल नामों की पात्रता को लेकर चर्चा की गई। ग्रामीणों से आवश्यक जानकारी के साथ-साथ आपत्तियां भी सुनी गईं।
आमसभा में प्रतिनियुक्त कल्याण पदाधिकारी कन्हैया कुमार ने ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के सरकारी दिशा-निर्देश, पात्रता मानदंड और लाभार्थियों के चयन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी।
अरौत पंचायत में भी हुई विशेष आमसभा
वहीं, अरौत पंचायत सरकार भवन में मुखिया बबिता देवी की अध्यक्षता में विशेष आमसभा का आयोजन किया गया। यहां भी लाभार्थियों की सूची ग्रामीणों के समक्ष रखी गई। ग्रामीणों ने सूची में शामिल नामों की जानकारी ली और संबंधित परिवारों की पात्रता को लेकर अपनी जानकारी एवं आपत्तियां साझा कीं।
विशेष आमसभा का उद्देश्य प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पात्र लाभार्थियों के चयन में पारदर्शिता सुनिश्चित करना तथा प्रतीक्षा सूची का सत्यापन करना रहा।
नालंदा से संजय कुमार की रिपोर्ट
