लखनऊ : अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की ओर से आगामी 29 नवंबर 2026 को लखनऊ स्थित अटल बिहारी वाजपेयी कन्वेंशन सेंटर में कायस्थ प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर देशभर से कायस्थ समाज के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं और युवाओं को सम्मानित किया जाएगा।
अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय महासचिव डॉ. आरती सुमन चौधरी ने बताया कि महासभा ने देशभर के कायस्थ समाज से ऐसे प्रतिभाशाली युवाओं और छात्रों के नाम भेजने का आह्वान किया है, जिन्होंने शिक्षा, सामाजिक सेवा, कला, खेल, विज्ञान, प्रशासन, व्यवसाय अथवा अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किया है।
प्रतिभाशाली युवाओं की पहचान और सम्मान पर जोर
डॉ. आरती सुमन चौधरी ने कहा कि कायस्थ समाज के छात्र और युवा आज विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं और देश-विदेश में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके बावजूद समाज के भीतर कई प्रतिभाओं को वह पहचान और सम्मान नहीं मिल पाता, जिसके वे हकदार हैं। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से महासभा द्वारा कायस्थ प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है, ताकि समाज की प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जा सके और उनकी उपलब्धियों को सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया जाएगा।
देशभर से नाम भेजने की अपील
महासभा ने कायस्थ समाज के लोगों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र के ऐसे छात्र-युवाओं की पहचान करें, जिन्होंने विशेष उपलब्धि हासिल की है या समाज एवं देश के लिए उल्लेखनीय कार्य किया है। चयनित प्रतिभाओं के नाम महासभा को भेजे जाएंगे, जिन्हें लखनऊ में आयोजित होने वाले विराट कायस्थ महासमागम के दौरान विशेष प्रतिभा सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, यह कार्यक्रम कायस्थ समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का भी एक महत्वपूर्ण मंच होगा।
