भागलपुर: आगामी दुर्गा पूजा एवं प्रतिमा विसर्जन को लेकर श्री श्री 108 दुर्गा पूजा महासमिति, भागलपुर ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में 23 सितंबर 2026 को महासमिति के पदाधिकारियों ने शहर भ्रमण कर दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क, बिजली, पाइपलाइन, पेड़ों की टहनियों और अतिक्रमण से जुड़ी कई समस्याओं को चिन्हित किया गया।
महासमिति का कहना है कि निरीक्षण का उद्देश्य दुर्गा पूजा और विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं, पूजा समितियों तथा आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पहले से आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराना है।

निरीक्षण के दौरान आबकारी गोदाम के सामने, नागरमल मॉल के सामने, स्टेशन चौक, लाहेरी टोला दुर्गा मंदिर प्रवेश द्वार के निकट, कोतवाली चौक और नया बाजार सहित कई स्थानों पर सड़क पर गड्ढे पाए गए। वहीं दीपनगर चौक से नया बाजार चौक तक तथा बड़ी खंजरपुर क्षेत्र में पाइप फटने और लीकेज की समस्या सामने आई।
इसके अलावा बूढ़ानाथ चौक, दीपप्रभा सिनेमा हॉल के सामने, आदमपुर चौक से कोयला घाट जाने वाले रास्ते और छोटी खंजरपुर में पेड़ों की झुकी हुई टहनियों को भी चिन्हित किया गया। महासमिति के पदाधिकारियों ने इन समस्याओं से नगर निगम के अतिक्रमण प्रभारी जयप्रकाश यादव को अवगत कराया। नगर निगम से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए मेयर और नगर आयुक्त से भी मुलाकात कर आवश्यक कार्रवाई कराने की बात कही गई।
विसर्जन घाट पर बिजली के पोल से संबंधित समस्या को भी महासमिति ने गंभीरता से लिया है। प्रतिमा विसर्जन के दौरान किसी तरह की बाधा या सुरक्षा संबंधी परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई की मांग की जाएगी।
इस अवसर पर संरक्षक कमल जायसवाल, अध्यक्ष अभय घोष (सोनू), महामंत्री जय नंदन आचार्य, कार्यकारी अध्यक्ष कन्हैया लाल, मीडिया प्रभारी विशाल कुमार, हरिशंकर सहाय, गुड्डू राय और शशांक जायसवाल सहित महासमिति के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
महासमिति के अध्यक्ष अभय कुमार घोष ने कहा कि बिहार में आई बाढ़ से जनजीवन प्रभावित हुआ है और महासमिति की संवेदना बाढ़ पीड़ितों के साथ है। उन्होंने बताया कि बाढ़ राहत कार्यों में महासमिति के पदाधिकारियों ने भी अपना योगदान दिया है। वहीं संरक्षक कमल जायसवाल ने बताया कि इस वर्ष महालया 10 अक्टूबर और पहली पूजा 11 अक्टूबर को होगी। उन्होंने कहा कि सभी पूजा समितियों ने अपने-अपने स्तर पर मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित करने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। महासमिति भी विसर्जन मार्ग सहित शहर की अन्य समस्याओं का जायजा ले रही है।
महासमिति ने आम नागरिकों और आसपास के गांवों के लोगों से दुर्गा पूजा के अवसर पर भागलपुर आने और उत्सव का आनंद लेने की अपील की। महासमिति के अनुसार आने वाले दिनों में भी शहर और विसर्जन मार्ग का निरीक्षण जारी रहेगा तथा चिन्हित समस्याओं को संबंधित विभागों के समक्ष उठाकर समय रहते समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।
भागलपुर से राजा रमन झा की रिपोर्ट
