पटना : बिहार में आई बाढ़ से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने अंशदान दिया। शनिवार को राष्ट्रीय लोक मोर्चा की ओर से मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 3 लाख रुपये की सहयोग राशि का चेक मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को सौंपा गया।

राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार सिंह के नेतृत्व में विधायक स्नेहलता कुशवाहा एवं विधायक माधव आनंद ने मुख्यमंत्री को सहयोग राशि का चेक सौंपा। इस दौरान बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में सहयोग देने की बात कही गई।

वहीं, जदयू विधायक रामसेवक सिंह, भाजपा विधायक जीवेश कुमार और भाजपा विधान पार्षद जनक राम ने अपने-अपने एक माह के वेतन का चेक मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा किया। इसके अलावा पूर्व विधायक ललित यादव ने भी अपने एक माह के पेंशन की राशि का चेक मुख्यमंत्री को सौंपा।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सभी जनप्रतिनिधियों एवं राजनीतिक दलों की ओर से किए गए इस सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आपदा और कठिन परिस्थितियों में जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष की राशि का उपयोग किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा के समय प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा होना सामूहिक जिम्मेदारी है। राहत कोष में प्राप्त सहयोग राशि से संकट की इस घड़ी में जरूरतमंद लोगों को सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।