घोघरडीहा : घोघरडीहा रेलवे स्टेशन पर रेल सुविधाओं के विस्तार और विभिन्न मांगों को लेकर रविवार को मिथलांचल संघर्ष समिति के आह्वान पर विशाल धरना-प्रदर्शन किया गया। स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक पर आयोजित धरने में घोघरडीहा सहित आसपास के पंचायतों और गांवों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। धरना पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक चला। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने स्टेशन प्रबंधक को नौ सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।

धरना की अध्यक्षता व्यापार मंडल अध्यक्ष रघुनाथ झा राजा ने की, जबकि मंच संचालन पूर्व सरपंच धर्मेंद्र कुमार मंडल ने किया। सुरक्षा और रेल परिचालन को देखते हुए रेलवे प्रशासन की ओर से विशेष सतर्कता बरती गई। धरने के दौरान स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों का परिचालन ट्रैक संख्या दो से कराया गया।
लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव की मांग
धरने को संबोधित करते हुए मिथलांचल संघर्ष समिति के अध्यक्ष ई. गौरी शंकर यादव ने कहा कि घोघरडीहा और आसपास के क्षेत्र की बड़ी आबादी रेल सेवाओं पर निर्भर है। इसके बावजूद महत्वपूर्ण लंबी दूरी की ट्रेनों का घोघरडीहा स्टेशन पर ठहराव नहीं होने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर रेल चक्का जाम करने की चेतावनी भी दी गई।

पूर्व सरपंच धर्मेंद्र कुमार मंडल ने कहा कि क्षेत्र की रेल समस्याओं को जनप्रतिनिधियों द्वारा संसद और विधानसभा में प्रमुखता से उठाए जाने की जरूरत है। वहीं नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष सह संयोजक शंकर झा ने कहा कि लंबी दूरी की ट्रेनों का ठहराव क्षेत्र की पुरानी मांग है और मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
समिति के प्रवक्ता सुशील कामत ने जनप्रतिनिधियों से रेल संबंधी समस्याओं को सदन में उठाने की अपील की। पूर्व जिला पार्षद सह अधिवक्ता बलराम साह ने कहा कि जनता की एकजुटता से क्षेत्र की मांगों को मजबूती से संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया जा सकता है।
