नगरनौसा (नालंदा): आगामी दुर्गापूजा एवं अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर नगरनौसा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों, पूजा समितियों के सदस्यों, बुद्धिजीवियों, गणमान्य नागरिकों तथा प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक की अध्यक्षता बीडीओ ओमप्रकाश कुमार, सीओ नेहा कुमारी और थानाध्यक्ष शशिरंजन कुमार मिश्रा ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, आपसी भाईचारा कायम रखने और अफवाहों से बचने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बीडीओ ओमप्रकाश कुमार ने लोगों से दुर्गापूजा सहित सभी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं आपसी सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार आपसी प्रेम और भाईचारे का संदेश देते हैं। ऐसे में सभी लोगों को प्रशासन का सहयोग करते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
सीओ नेहा कुमारी ने कहा कि शांति समिति की बैठक का उद्देश्य प्रशासन और आम लोगों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। उन्होंने पूजा समितियों से अपील की कि किसी भी संवेदनशील या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने पूजा समितियों को दुर्गापूजा से जुड़े सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की भी जानकारी दी।
पूजा पंडालों में CCTV और फायर सेफ्टी अनिवार्य
थानाध्यक्ष शशिरंजन कुमार मिश्रा ने कहा कि दुर्गापूजा आस्था और सामाजिक एकता का पर्व है। इसे शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में पूजा समितियों और आम नागरिकों की अहम भूमिका है। उन्होंने पूजा समितियों को पंडालों में सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे, फायर सेफ्टी उपकरण और कवर्ड बिजली तार की व्यवस्था रखने को कहा। साथ ही पूजा पंडाल के लिए नियमानुसार लाइसेंस लेना अनिवार्य बताया।
थानाध्यक्ष ने कहा कि त्योहार के दौरान चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की नियमित गश्ती एवं निगरानी रहेगी। पूजा पंडालों के आसपास सादे लिबास में पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी, जिसमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल रहेंगी।
असामाजिक तत्वों पर रहेगी पुलिस की नजर
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान शांति भंग करने या माहौल खराब करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पूजा समिति के कार्यकर्ताओं को पहचान के लिए बैच लगाने तथा प्रशासन की ओर से जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई।
बैठक के अंत में प्रशासन एवं पुलिस पदाधिकारियों ने पूजा समितियों और क्षेत्रवासियों से दुर्गापूजा सहित सभी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।
नालंदा से संजय कुमार की रिपोर्ट
