भागलपुर: भारतीय जनता पार्टी के सेवा संकल्प अभियान के तहत भागलपुर के माणिक सरकार पानी टंकी स्थित केंद्रीय संख्या-52 आंगनबाड़ी केंद्र में आंगनबाड़ी मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों के साथ संवाद करने के साथ-साथ उन्हें प्रोत्साहित किया गया और आंगनबाड़ी केंद्र से जुड़े कर्मियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिला उपाध्यक्ष अभय घोष (सोनू) रहे। इस दौरान भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला मीडिया प्रभारी विशाल कुमार, भाजपा नेता गुड्डू राय, सामाजिक कार्यकर्ता प्रहलाद चौधरी और समाजसेवी शशांक जायसवाल सहित कई लोग मौजूद रहे। आंगनबाड़ी केंद्र की शिक्षिका लक्ष्मी देवी, सहायिका रानी देवी तथा बड़ी संख्या में लाभार्थी और करीब 40 बच्चे एवं बच्चियां कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत आंगनबाड़ी शिक्षिका द्वारा अतिथियों के तिलक और पुष्प से स्वागत के साथ हुई। इसके बाद अभय घोष ने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्य और आंगनबाड़ी मिलन कार्यक्रम के महत्व पर अपने विचार रखे। उन्होंने प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन तथा देश के लिए किए गए विभिन्न कार्यों का भी उल्लेख किया।

समारोह के दौरान बच्चों का परिचय कराया गया। बच्चों ने कविता पाठ प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा। कार्यक्रम में बच्चों का उत्साह और उनकी प्रस्तुतियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं।

इस अवसर पर भाजपा परिवार की ओर से आंगनबाड़ी केंद्र की शिक्षिका लक्ष्मी देवी और सहायिका रानी देवी को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं, उपस्थित सभी बच्चों को प्रोत्साहन के तौर पर पेंसिल वितरित की गई।

आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों से संवाद स्थापित करना, उनका उत्साहवर्धन करना तथा समाज के अंतिम पायदान तक सेवा, सहयोग और सामाजिक सहभागिता की भावना को मजबूत करना था।

भागलपुर से राजा रमन झा की रिपोर्ट