पटना: बिहार में उर्वरक की उपलब्धता और वितरण को लेकर किसानों के बीच फैल रहे भ्रम के बीच कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने किसानों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की वास्तविक जरूरत के अनुसार उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और इसकी आपूर्ति व वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है।
Farmer ID में दर्ज भूमि के रकबे को लेकर भी स्पष्ट किया भ्रम
कृषि मंत्री ने कहा कि उर्वरक की उपलब्धता और Farmer ID में दर्ज भूमि के रकबे को लेकर किसानों के बीच अनावश्यक भ्रम की स्थिति उत्पन्न नहीं की जानी चाहिए। यदि किसी किसान को Farmer ID में दर्ज भूमि के रकबे के कारण उर्वरक प्राप्त करने में परेशानी हो रही है, तो वह कृषि विभाग की हेल्पलाइन 1800-180-1551 पर शिकायत दर्ज करा सकता है या संबंधित विभागीय पदाधिकारी को इसकी जानकारी दे सकता है। उन्होंने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में उर्वरक की कमी है या किसानों को खाद प्राप्त करने में परेशानी हो रही है, तो समस्या वाले स्थान और स्थिति का स्पष्ट विवरण विभाग को उपलब्ध कराया जाए, ताकि तत्काल कार्रवाई की जा सके।
कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर कार्रवाई
विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि खुदरा विक्रेताओं तक उर्वरक की समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संबंधित उर्वरक कंपनियों की है। जिला स्तर पर जिला कृषि पदाधिकारी और राज्य स्तर पर कृषि निदेशक द्वारा उर्वरक की उपलब्धता तथा वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि उर्वरक की बिक्री एवं वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए डिजिटल व्यवस्था लागू की गई है। इसका उद्देश्य किसानों को निर्धारित आवश्यकता के अनुरूप उर्वरक उपलब्ध कराना और वितरण व्यवस्था में अनियमितताओं पर प्रभावी नियंत्रण करना है।
कृषि मंत्री ने कहा कि उर्वरक की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और अनधिकृत बिक्री के खिलाफ कृषि विभाग जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर लगातार छापेमारी एवं जांच अभियान चला रहा है। जहां भी अनियमितता की सूचना मिल रही है, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
किसानों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील
मंत्री ने कहा कि उर्वरक की जरूरत वाले किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। किसान किसी भी समस्या की स्थिति में सीधे कृषि विभाग के संबंधित पदाधिकारी या हेल्पलाइन के माध्यम से सूचना दें। उन्होंने कहा कि गलत समाचार, अफवाह या भ्रामक सूचनाओं के आधार पर किसानों को दिग्भ्रमित होने की जरूरत नहीं है। सरकार किसानों की वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से काम कर रही है और राज्य में उर्वरक की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है।
