पटना: पटना विश्वविद्यालय में छात्रों के हंगामे की आशंका को देखते हुए सिंडिकेट की बैठक ऑनलाइन मोड में आयोजित की गई। पहले यह बैठक विश्वविद्यालय मुख्यालय में ऑफलाइन आयोजित होनी थी, लेकिन बैठक की जानकारी छात्रों तक पहुंचने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने बैठक का तरीका बदल दिया। बैठक में कुलपति प्रो. अजय कुमार सिंह समेत विश्वविद्यालय के अधिकारी और सिंडिकेट सदस्य ऑनलाइन जुड़े।
12वीं पास पूर्व सैनिकों के लिए छह माह का कोर्स
सिंडिकेट की ऑनलाइन बैठक में सेवानिवृत्त सैनिकों से जुड़े एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। अब 12वीं पास सेवानिवृत्त सैनिक बैचलर ऑफ आर्ट्स इन ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट की पढ़ाई कर सकेंगे। यह कोर्स छह माह की अवधि का होगा।
सेवानिवृत्त सैनिकों को यह डिग्री सैनिक निदेशालय, बिहार की अनुशंसा के आधार पर प्रदान की जाएगी। विश्वविद्यालय की ओर से जारी होने वाली इस डिग्री का इस्तेमाल पूर्व सैनिक आगे अपने करियर में कर सकेंगे। बताया गया कि पूर्व सैनिकों को डिग्री प्रदान करने के संबंध में लोक भवन स्तर से भी अनुशंसा की गई थी।
समर्थ पोर्टल से होगा नामांकन
पूर्व सैनिकों के इस कोर्स में नामांकन की प्रक्रिया समर्थ पोर्टल के माध्यम से होगी। विश्वविद्यालय की भूमिका मुख्य रूप से परीक्षा आयोजित करने और डिग्री प्रदान करने तक सीमित रहेगी।
अन्य मुद्दों पर ऑफलाइन बैठक में होगा फैसला
ऑनलाइन बैठक में विश्वविद्यालय के कई अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा नहीं हो सकी। अब इन मुद्दों पर निर्णय के लिए अलग से ऑफलाइन बैठक आयोजित किए जाने की बात सामने आ रही है।प्रस्तावित ऑफलाइन बैठक में पर्यावरण विज्ञान विषय में अनुशंसित सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति के अनुमोदन पर प्रमुखता से विचार किया जाएगा। इसके अलावा शिक्षकों की ओर से दिए गए अवैतनिक अवकाश के आवेदनों पर भी चर्चा और निर्णय लिया जाना है।
इस तरह छात्रों के संभावित विरोध को देखते हुए सिंडिकेट की बैठक का स्वरूप भले ही बदल दिया गया, लेकिन बैठक में पूर्व सैनिकों को उच्च शिक्षा और डिग्री उपलब्ध कराने से जुड़ा महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।
