नालंदा : ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत नालंदा की जिलाधिकारी उदिता सिंह ने जवाहर कन्या उच्च विद्यालय, झींगनगर की छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान छात्राओं को प्रशासनिक कार्यप्रणाली, सरकारी सेवाओं, साइबर सुरक्षा, महिला-बालिका सुरक्षा और आत्मनिर्भरता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के तहत छात्राओं को वन स्टॉप सेंटर, इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) और जिला लोक शिकायत निवारण कार्यालय का एक्सपोजर विजिट कराया गया। उन्हें बताया गया कि वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से संकटग्रस्त महिलाओं एवं बालिकाओं को चिकित्सा, कानूनी, पुलिस सहायता और मनो-सामाजिक परामर्श उपलब्ध कराया जाता है। वहीं ICCC के माध्यम से शहर में लगे 491 कैमरों से निगरानी, Public Address System और Emergency Call Box की व्यवस्था की जानकारी दी गई।

संवाद के दौरान डीएम ने छात्राओं से उनके भविष्य के लक्ष्य जाने और उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर अनावश्यक रूप से रील देखने जैसी आदतों से बचते हुए पढ़ाई और कौशल विकास पर ध्यान देने की सलाह दी।

जिलाधिकारी ने कहा कि महिलाओं के लिए वित्तीय आत्मनिर्भरता बेहद जरूरी है। शिक्षा और कौशल के माध्यम से आत्मनिर्भर बनना बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने छात्राओं को किसी भी अन्याय, उत्पीड़न या गलत व्यवहार के खिलाफ आवाज उठाने तथा इसकी जानकारी माता-पिता और शिक्षकों को देने की अपील की।
छात्राओं को आपात स्थिति में 181 महिला हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन सेवा और 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन की जानकारी भी दी गई।

इस अवसर पर जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (ICDS) अर्चना कुमारी, जिला परियोजना प्रबंधक कैलाश कुमार साहू, जिला मिशन समन्वयक राजीव कुमार, मनो-सामाजिक परामर्शी सिम्पी, विद्यालय की शिक्षिका संजू कुमारी सहित छात्राएं उपस्थित रहीं।
नालंदा से संजय कुमार की रिपोर्ट
