चंडी (नालंदा): दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर चंडी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसडीएम अमित कुमार पटेल, डीएसपी सुनील कुमार सिंह, बीडीओ राजदेव कुमार रजक, सीओ अंचल एवं थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार झा समेत पूजा समितियों के सदस्य एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

एसडीएम अमित कुमार पटेल ने कहा कि चंडी में पूजा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई जाएगी। शरारती तत्वों पर विशेष नजर रहेगी और तेज बाइक चलाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पूजा समितियों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की।

डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने लाइसेंसधारी वॉलेंटियरों को अनुशासन में रहने तथा आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर नहीं करने की सलाह दी। वॉलेंटियरों का रिकॉर्ड रखने और ड्यूटी के दौरान नशे से दूर रहने को भी कहा गया।

बीडीओ राजदेव कुमार रजक ने पूजा समितियों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने सप्तमी और अष्टमी के दौरान बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष ध्यान देने को कहा।

थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार झा ने स्पष्ट किया कि डीजे पूरी तरह बंद रहेगा और अश्लील व आपत्तिजनक गाने नहीं बजेंगे। पंडाल सड़क की सफेद पट्टी से करीब तीन फीट पीछे बनाए जाएंगे, ताकि आवागमन बाधित न हो। सभी पंडालों में पुलिस, पीए सिस्टम और वॉलेंटियर की व्यवस्था रहेगी। वॉलेंटियरों के धूम्रपान पर भी नजर रखी जाएगी तथा लाइसेंसधारी वॉलेंटियरों को आपातकालीन नंबर उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया।

पंडालों में आग से बचाव के लिए बालू-पानी की व्यवस्था रखने का निर्देश भी दिया गया। किसी भी समस्या या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या प्रशासन को देने की अपील की गई।बैठक में ऑपरेशन मुस्कान की भी चर्चा हुई। चंडी थाना पुलिस द्वारा अभियान के तहत बरामद किए गए 18 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे जाने की जानकारी दी गई। प्रशासन ने पूजा समितियों और आम लोगों से शांति, सौहार्द एवं आपसी भाईचारे के साथ दुर्गापूजा मनाने की अपील की।

नालंदा से संजय कुमार की रिपोर्ट