पटना : राजधानी पटना में लगातार बढ़ रही ट्रैफिक जाम की समस्या के स्थायी समाधान और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा की अध्यक्षता में बुधवार को उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष रूप से पटना मेट्रो रेल परियोजना के तहत विद्युत भवन से रुकनपुरा के बीच बनने वाली अंडरग्राउंड मेट्रो टनल के दौरान बेली रोड पर यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में मंत्री नीतीश मिश्रा ने स्पष्ट कहा कि मेट्रो निर्माण कार्य के कारण आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य के साथ-साथ ट्रैफिक व्यवस्था भी पूरी तरह सुचारु रखी जाए और नागरिकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता हो।

उन्होंने कहा कि बेली रोड राजधानी की सबसे व्यस्त सड़कों में से एक है, इसलिए यहां यातायात बाधित नहीं होने दिया जाएगा। इसके लिए वैकल्पिक मार्ग, प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन और सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा।

बैठक में जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों से सुझाव भी लिए गए। इन सुझावों के आधार पर पटना मेट्रो रेल परियोजना की कार्यकारी एजेंसी डीएमआरसी (DMRC) को संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर विस्तृत सर्वेक्षण करने और 15 दिनों के भीतर समग्र कार्ययोजना प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में विधायक श्याम रजक, रत्नेश कुमार, संजीव चौरसिया और संजय कुमार, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, पटना नगर निगम की महापौर एवं उपमहापौर, परिवहन विभाग, पथ निर्माण विभाग, पुलिस महानिरीक्षक समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

You missed