पटना : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ में पटना मेट्रो रेल परियोजना, ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप योजना और जे०पी० गंगा पथ समग्र उद्यान (फेज-1) परियोजना की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार ने परियोजनाओं की प्रगति, तकनीकी चुनौतियों तथा लागत वृद्धि से संबंधित विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेट्रो निर्माण कार्य में आ रही सभी कठिनाइयों को शीघ्र दूर कर परियोजना को तेजी से पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को आवागमन में बेहतर सुविधा मिल सके।

बैठक में पटना एयरपोर्ट को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने के लिए पर्सनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने इसे यात्रियों के लिए उपयोगी और आधुनिक परिवहन प्रणाली बताते हुए इसकी सराहना की।

11 सैटेलाइट टाउनशिप और जे०पी० गंगा पथ परियोजना पर विशेष फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में शहरीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रस्तावित 11 सैटेलाइट टाउनशिप के विकास कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने अधिकारियों को चरणबद्ध तरीके से योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।

समीक्षा बैठक में पथ निर्माण विभाग द्वारा जे०पी० गंगा पथ समग्र उद्यान (फेज-1) परियोजना की भी जानकारी दी गई। दीघा से सभ्यता द्वार तक लगभग 6 किलोमीटर लंबी इस परियोजना को 25 सितंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। परियोजना में पार्किंग, उद्यान, पैदल पथ, साइकिल ट्रैक, खेल मैदान और महिला हाट जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए परियोजना को योजनाबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि लोग सुरक्षित और सुगमता के साथ इसका लाभ उठा सकें।