पटना : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर कायस्थ समाज ने अपनी राजनीतिक रणनीति स्पष्ट कर दी है। मिशन टू करोड़ चित्रांश इंटरनेशनल की कोर कमेटी की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बांकीपुर उपचुनाव में कायस्थ समाज से उम्मीदवार नहीं बनाती है, तो संगठन अपने राष्ट्रीय सचिव एवं बिहार प्रदेश अध्यक्ष मनोज लाल दास ‘मनु’ को चुनाव मैदान में उतारेगा।
यह निर्णय गुरुवार को आयोजित संगठन की महत्वपूर्ण बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र कर्ण ने की, जबकि राष्ट्रीय महामंत्री रमाशंकर श्रीवास्तव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनिलेश्वर माधव, युवा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिजीत श्रीवास्तव, अंतरराष्ट्रीय संयोजक अनिल कर्ण, नेपाल-भारत समन्वयक चितरंजन श्रीवास्तव सहित संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं संरक्षक मौजूद रहे।
‘कायस्थ समाज की राजनीतिक हिस्सेदारी घटाई जा रही’
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र कर्ण ने आरोप लगाया कि भाजपा धीरे-धीरे कायस्थ समाज की राजनीतिक भागीदारी को सीमित कर रही है। उन्होंने कहा कि जिन विधानसभा क्षेत्रों में परंपरागत रूप से कायस्थ समाज का प्रतिनिधित्व रहा है, वहां लगातार अन्य समाजों के उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने दरभंगा, नरकटिया और कुम्हरार के बाद अब बांकीपुर में भी ऐसी स्थिति बनने की आशंका जताई।
मनोज लाल दास ‘मनु’ के नाम पर जताया भरोसा
राजेंद्र कर्ण ने कहा कि मनोज लाल दास ‘मनु’ ने मिथिलांचल से पटना आकर सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत बिहार पीपुल्स पार्टी के प्रवक्ता के रूप में की थी। इसके बाद वे राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के प्रवक्ता रहे और वर्तमान में जनता दल (यू) से जुड़े हैं। जद(यू) में वे प्रदेश सचिव और राजनीतिक सलाहकार समिति के सदस्य जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी निभा चुके हैं।
भाजपा को दिया स्पष्ट संदेश
बैठक में कहा गया कि कायस्थ समाज किसी जाति या समुदाय का विरोधी नहीं है, बल्कि अपनी ऐतिहासिक और परंपरागत राजनीतिक हिस्सेदारी को लोकतांत्रिक तरीके से बनाए रखने का प्रयास कर रहा है। संगठन विभिन्न सामाजिक एवं वैचारिक संगठनों से भी इस मुद्दे पर संवाद कर रहा है। संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि भाजपा बांकीपुर उपचुनाव में कायस्थ समाज को उम्मीदवार नहीं बनाती है, तो मिशन टू करोड़ चित्रांश इंटरनेशनल की ओर से मनोज लाल दास ‘मनु’ को उम्मीदवार बनाकर चुनाव लड़ाया जाएगा।
समाज के हितों की रक्षा का लिया संकल्प
बैठक के अंत में उपस्थित सदस्यों ने कायस्थ समाज की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने और समाज के हितों की रक्षा के लिए संगठित होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
