भागलपुर: वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर में आयोजित होने वाले ‘नमामि भारतम्’ कार्यक्रम को लेकर बुधवार, 23 सितंबर 2026 को सैनिक स्कूल गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर, नरगाकोठी, भागलपुर में प्रेस कांफ्रेंस आयोजित की गई। इस दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा, उद्देश्य और तैयारियों की विस्तृत जानकारी पत्रकारों को दी गई।

विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरेश कुमार ने बताया कि विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के मार्गदर्शन में भारती शिक्षा समिति एवं शिशु शिक्षा प्रबंध समिति, बिहार, पटना द्वारा इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। ‘नमामि भारतम्’ कार्यक्रम आगामी 25 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे देशभर में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की राष्ट्रीय चेतना, मातृभूमि के प्रति श्रद्धा और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणादायी अभिव्यक्ति है। इसके 150 वर्ष पूरे होना देश के लिए गौरव का अवसर है। कार्यक्रम के माध्यम से राष्ट्रभाव, सांस्कृतिक गौरव, भारतीय ज्ञान परंपरा और मातृभूमि के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

प्रधानाचार्य ने बताया कि कार्यक्रम में भैया-बहन, आचार्य, अभिभावक, समिति सदस्य और समाज के प्रबुद्ध लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने की तैयारी की गई है। विद्यालय की ओर से कुल 21 स्थानों पर वंदे मातरम के सामूहिक गायन की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक स्थान पर विद्यालय के दो आचार्य संयोजक एवं सह-संयोजक के रूप में उपस्थित रहेंगे।

इस अवसर पर जिला निरीक्षक सतीश कुमार सिंह ने कहा कि यह आयोजन नई पीढ़ी को भारत की गौरवशाली परंपरा, राष्ट्रीय भावना और भारतीय संस्कृति से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है।प्रेस कांफ्रेंस में डॉ. संजीव झा, अवधेश भारती, ममता जायसवाल, शशि भूषण मिश्र सहित विद्यालय के सभी आचार्य उपस्थित रहे।

भागलपुर से राजा रमन झा की रिपोर्ट