पटना : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में बिहार की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। इसके लिए बिहार को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में मिलकर प्रयास करना होगा। 
पटना के मिलर हाई स्कूल मैदान में बुधवार को आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने मशाल प्रज्वलित कर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ को रवाना किया।
योजनाओं से बदल रही आम लोगों की जिंदगी

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों, महिलाओं, युवाओं और किसानों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत बिहार के करीब 89 लाख किसानों को लाभ मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि बिहार में जीविका दीदियों के बैंक खातों में बड़ी राशि भेजी गई है, जिससे महिलाएं स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक राज्य में बड़ी संख्या में महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं और आने वाले वर्षों में इस संख्या को और बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।

सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, हर घर नल का जल, पीएम सूर्य घर योजना, किसान सहायता और आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं का असर आम लोगों के जीवन में दिखाई दे रहा है। गरीबों के लिए पक्के मकान, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, बिजली, पेयजल और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर लगातार काम किया जा रहा है।
2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में 13 वर्ष और देश के प्रधानमंत्री के रूप में लगातार सेवा करते हुए विकास की नई दिशा तय की है। उन्होंने ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए बिहार का समृद्ध और सशक्त होना जरूरी है। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से विकसित भारत और समृद्ध बिहार के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी संबोधित किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने उपस्थित लोगों को वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प दिलाया।
भाजपा कार्यालय में ‘मोदी @ 25’ प्रदर्शनी का उद्घाटन

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और सेवाकाल पर आधारित ‘मोदी @ 25’ प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।

प्रदर्शनी में नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में 13 वर्षों के कार्यकाल और प्रधानमंत्री के रूप में पिछले 12 वर्षों के दौरान लिए गए प्रमुख निर्णयों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को तस्वीरों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। इस अवसर पर बिहार राज्य किसान आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण मेहता ने मुख्यमंत्री को पौधा, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत किया।
कार्यक्रम में नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, सांसद रविशंकर प्रसाद, सांसद भीम सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक संजय सरावगी, विधायक संजीव चौरसिया, भाजपा संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया, भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री सिद्धार्थ शंभू, बिहार राज्य किसान आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण मेहता समेत बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
