नालंदा : नालंदा जिले के नगरनौसा प्रखंड स्थित कछियावा पंचायत में पैक्स चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। 15 जुलाई को होने वाले पैक्स चुनाव के लिए नामांकन के अंतिम दिन अध्यक्ष पद के उम्मीदवार रजनीकांत और पप्पू ने अपना-अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान उनके समर्थन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों के अलावा कई कार्यकारिणी सदस्य पद के प्रत्याशियों ने भी अंतिम दिन अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन प्रक्रिया के दौरान प्रखंड परिसर में चुनावी माहौल देखने को मिला।
नामांकन के बाद उम्मीदवारों ने कहा कि वे किसानों के हितों की रक्षा और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चुनाव मैदान में उतरे हैं। उनका आरोप है कि वर्तमान व्यवस्था में किसानों से समय पर धान की खरीद नहीं हो रही है और न ही खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। इसके अलावा किसानों को मिलने वाली अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ भी सही तरीके से नहीं मिल पा रहा है।
उम्मीदवारों ने कहा कि जनता और किसानों की मांग पर उन्होंने चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। यदि उन्हें जीत का अवसर मिलता है तो पैक्स को पारदर्शी तरीके से संचालित करते हुए किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।
15 जुलाई को होने वाले मतदान को लेकर अब कछियावा पंचायत में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं और प्रत्याशी अपने-अपने पक्ष में जनसंपर्क अभियान में जुट गए हैं।
नालंदा से संजय कुमार की रिपोर्ट
