देशभर में भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग (IMD) ने 29 मई को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। देश के 15 से ज्यादा राज्यों में जल्द मौसम बदलने वाला है और भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं। राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में अगले तीन दिनों तक बारिश, तूफान और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। बिहार के 32 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है, जहां 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार 29 मई से 5 जून के बीच देश के 80-90 फीसदी हिस्सों में प्री-मानसून बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बारिश और ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी है।
15 राज्यों में बारिश और तूफान का अलर्ट
IMD के अनुसार उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, असम, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर समेत करीब 15 राज्यों में बारिश और तेज आंधी का असर देखने को मिलेगा। कई इलाकों में बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने कहा है कि खराब मौसम के दौरान बेवजह बाहर निकलने से बचें।

बिहार में बारिश-आंधी की चेतावनी
बिहार (29-30 मई): पटना, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, सिवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, पूर्णिया, सहरसा, कटिहार, अररिया, भागलपुर, मुंगेर, खगड़िया और बेगूसराय में मध्यम से भारी बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है। वहीं, 29 मई को पटना का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
झारखंड में कैसा रहेगा मौसम
झारखंड (29-30 मई): रांची, पलामू, चतरा,सरायकेला, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, लातेहार, पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, दुमका, साहेबगंज, धनबाद और हजारीबाग में भारी बारिश और तूफान की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 50 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से हवा चलेगी। वहीं, 29 मई को रांची का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
उत्तर भारत में तेज हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी
हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू, मंडी, कांगड़ा और सोलन में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़, उधमपुर, अनंतनाग और राजौरी में बारिश और आंधी का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पंजाब के अमृतसर, लुधियाना, पटियाला और गुरदासपुर में भारी बारिश के साथ 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान चलने की संभावना है। राजस्थान के जयपुर, अलवर, बीकानेर और सीकर में भी तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का खतरा
पश्चिम बंगाल के मालदा, जलपाईगुड़ी, मुर्शिदाबाद और नॉर्थ 24 परगना में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। यहां 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।
असम के कोकराझार, बारपेटा, धुबरी, गोलाघाट और होजाई जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
किसानों और मछुआरों के लिए विशेष चेतावनी
मौसम विभाग ने कहा है कि तेज हवाओं और आंधी के कारण पेड़ और बिजली के खंभे गिर सकते हैं। किसानों को फसल और पशुओं की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम करने को कहा गया है। वहीं मछुआरों को समुद्र और नदी क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी गई है।
विशेषज्ञों के अनुसार बंगाल की खाड़ी और दक्षिण भारत के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण मौसम में यह बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। आने वाले 24 घंटे कई राज्यों के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो सकते हैं।
