नई दिल्ली/पटना : बिहार सरकार की उद्योग सह खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने अपने नई दिल्ली दौरे के दौरान विभिन्न केंद्रीय मंत्रियों से शिष्टाचार मुलाकात कर बिहार में औद्योगिक विकास, निवेश संवर्धन, रोजगार सृजन एवं जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। इस क्रम में उन्होंने केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी से मुलाकात की।

बैठक के दौरान बिहार में औद्योगिक विकास को गति देने, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने तथा राज्य के समावेशी विकास हेतु केंद्र एवं राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री ने बिहार के औद्योगिक विकास को लेकर अपने बहुमूल्य सुझाव एवं मार्गदर्शन साझा किए।
इसके पश्चात श्रेयसी सिंह ने केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह से मुलाकात की। इस दौरान बिहार में टेक्सटाइल उद्योग के विस्तार, नए निवेश आकर्षित करने, स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन तथा उद्योग आधारित आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विशेष चर्चा हुई।
बैठक में राज्य के पारंपरिक हस्तशिल्प एवं हैंडलूम क्षेत्र को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के विषय पर भी विचार-विमर्श किया गया।
श्रेयसी सिंह ने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी मुलाकात की। इस अवसर पर राष्ट्र निर्माण, युवाओं के सशक्तिकरण, औद्योगिक विकास एवं जनहित से जुड़े समसामयिक विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई। साथ ही बिहार में डिफेंस कॉरिडोर एवं DRDO की स्थापना की संभावनाओं पर भी सार्थक विचार-विमर्श किया गया, जिससे राज्य में रक्षा क्षेत्र आधारित उद्योगों एवं रोजगार के नए अवसर विकसित हो सकें।
अपने इस दिल्ली दौरे के दौरान श्रेयसी सिंह ने केंद्रीय मंत्रियों के समक्ष बिहार के औद्योगिक एवं पारंपरिक हस्तशिल्प क्षेत्र को नई पहचान देने हेतु कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी रखे। इनमें राज्य में दो मेगा टेक्सटाइल पार्क की स्थापना, सिल्क टूरिज्म क्लस्टर का विकास, हैंडलूम एवं हैंडीक्राफ्ट क्लस्टर की स्थापना, राष्ट्रीय हस्तशिल्प वस्त्र एवं इनोवेशन संस्थान की स्थापना, स्पोर्टेक एवं एग्रोटेक क्लस्टर के विकास सहित बेगूसराय में इंडस्ट्रियल पार्क से संबंधित विषय प्रमुख रहे।
इसके अतिरिक्त उन्होंने ‘भव्य’ योजना के अंतर्गत चार नए औद्योगिक पार्कों की स्थापना का भी प्रस्ताव रखा, जिससे राज्य में औद्योगिक निवेश, कौशल विकास एवं बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन को बढ़ावा मिलेगा।
श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार में औद्योगिक विकास को नई गति देने के लिए केंद्र सरकार के सहयोग एवं मार्गदर्शन से राज्य में निवेश, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों का दायरा और अधिक विस्तृत होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार उद्योगों के विकास, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने तथा बिहार को औद्योगिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
