नालंदा (संजय कुमार): चंडी थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव में शनिवार को हुई दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। एक ही परिवार के चार सदस्यों द्वारा आत्मघाती कदम उठाए जाने की घटना में पिता, पुत्र और पुत्रवधू की मौत हो गई, जबकि एक अन्य सदस्य का इलाज जारी है। चार वर्षीय मासूम की जान बाल-बाल बच गई।

मृतकों की पहचान 65 वर्षीय दिलेन्द्र तांती, उनके 40 वर्षीय पुत्र रंजीत तांती और 30 वर्षीय गोरी देवी के रूप में हुई है। परिवार के एक अन्य सदस्य पुरुषोत्तम तांती का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, पहले पुरुषोत्तम तांती ने फांसी लगाने का प्रयास किया, जिन्हें ग्रामीणों ने बचाकर अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद रंजीत तांती और उनकी पत्नी ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। इसी बीच दिलेन्द्र तांती ने भी घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

सबसे मार्मिक पहलू यह रहा कि दंपती के चार वर्षीय बेटे को भी कथित रूप से जहरीला पदार्थ देने का प्रयास किया गया। बच्चे ने दवा फेंक दी, जिससे उसकी जान बच गई। परिवार में एक दो वर्षीय बच्चा भी है।

हिलसा डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद का पहलू सामने आया है। कुछ स्थानीय लोगों द्वारा ससुर और बहू के संबंधों को लेकर चर्चाएं की जा रही हैं। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी।

इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में कुछ पहलू सामने आए हैं, लेकिन घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि अभी नहीं हुई है। जांच पूरी होने तक किसी भी संभावित कारण को अंतिम सत्य नहीं माना जाना चाहिए।