पटना: बिहार की राजनीति में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। उपचुनाव की तारीखों का अभी आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने बांकीपुर सीट से पार्टी की संभावित उम्मीदवार के रूप में वीणा मानवी के नाम की घोषणा कर दी है।
मंगलवार को वीणा मानवी ने जनशक्ति जनता दल की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी में शामिल होने के तुरंत बाद तेज प्रताप यादव ने उन्हें बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपते हुए आगामी उपचुनाव के लिए संभावित प्रत्याशी घोषित किया।
तेज प्रताप यादव ने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर जानकारी साझा करते हुए लिखा कि वीणा मानवी का जनशक्ति जनता दल परिवार में स्वागत है। उन्होंने कहा कि पार्टी को विश्वास है कि वीणा मानवी अपने समर्पण, सेवा-भाव और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता के साथ क्षेत्र की जनता की मजबूत आवाज बनेंगी और संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
बीजेपी की परंपरागत सीट है बांकीपुर
बांकीपुर विधानसभा सीट लंबे समय से बीजेपी का गढ़ मानी जाती रही है। 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में इस सीट से बीजेपी नेता नितिन नवीन ने जीत दर्ज की थी। बाद में उनके राज्यसभा सांसद बनने के कारण यह सीट रिक्त हो गई, जिसके चलते यहां उपचुनाव कराया जाएगा।
उपचुनाव में दिलचस्प होगा मुकाबला
बांकीपुर उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां लगातार बढ़ रही हैं। बीजेपी के साथ-साथ जन सुराज भी इस सीट पर पूरी ताकत झोंक रहा है। हालांकि जन सुराज ने अभी तक अपने उम्मीदवार की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर स्वयं भी चुनावी मैदान में उतर सकते हैं। ऐसे में बांकीपुर का उपचुनाव इस बार बेहद दिलचस्प होने की संभावना है।
