मुंगेर: रोहतास जिले में आयोजित बिहार स्टेट हैंडबॉल चैंपियनशिप में मुंगेर जिले की बालक एवं बालिका टीम हिस्सा ले रही है। खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मुंगेर जिला हैंडबॉल एसोसिएशन के सचिव एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हरिमोहन सिंह के नेतृत्व में टीम प्रतियोगिता में भाग ले रही है।
हैंडबॉल एसोसिएशन ऑफ बिहार एवं हैंडबॉल एसोसिएशन ऑफ रोहतास के संयुक्त तत्वावधान में 4 से 6 नवंबर 2026 तक बीबीसी खेल मैदान, समहुता, रोहतास में तीसरी सीनियर महिला एवं प्रथम सब-जूनियर बालक बिहार स्टेट हैंडबॉल चैंपियनशिप 2026-27 का आयोजन किया जा रहा है।
बालक एवं बालिका वर्ग में मुंगेर के खिलाड़ी शामिल
मुंगेर की बालक टीम में देव सुमन, शुभम कुमार, प्रिंस कुमार, चंद्रदेव, सोनू कुमार, दिलखुश कुमार, अंकुश कुमार और ऋषभ कुमार सहित अन्य खिलाड़ी शामिल हैं। वहीं बालिका टीम में रेखा कुमारी, कुमारी जानवी, रौशनी कुमारी, हनी कुमारी, अनुष्का राज, सानिया राज, पूजा कुमारी, ज्योति कुमारी और अनुप्रिया सहित अन्य खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।
खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देना प्राथमिकता: हरिमोहन सिंह
मुंगेर जिला हैंडबॉल एसोसिएशन के सचिव हरिमोहन सिंह ने कहा कि खेल एवं खिलाड़ियों को बढ़ावा देना उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मुंगेर में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है खिलाड़ियों को उचित मंच और अवसर प्रदान करने की। सही मार्गदर्शन एवं बेहतर सुविधाएं मिलने पर यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने गांव, समाज और जिले का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
खिलाड़ियों को विभिन्न संगठनों ने दी शुभकामनाएं
मुंगेर की टीम के बेहतर प्रदर्शन की कामना करते हुए मुंगेर जिला हैंडबॉल एसोसिएशन, मुंगेर पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन, पैरा लॉन बाउल्स एसोसिएशन ऑफ बिहार, फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया बिहार मुंगेर चैप्टर, बिहार डांस स्पोर्ट्स एवं बैटल स्पोर्ट्स एसोसिएशन, जनकल्याण शिव शक्ति हरिमोहन फाउंडेशन और मुंगेर जिला खो-खो संघ सहित विभिन्न खेल एवं सामाजिक संगठनों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
इसके साथ ही मुंगेर जिला प्रशासन के गणमान्य पदाधिकारियों, राजनेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी टीम के उज्ज्वल भविष्य एवं शानदार प्रदर्शन की कामना की। मुंगेर की टीम के इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होने से जिले के खेल प्रेमियों में उत्साह है। खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाने की उम्मीद जताई जा रही है।
मुंगेर से राजा रमन झा की रिपोर्ट
