जमालपुर (मुंगेर): सरस्वती विद्या मंदिर, दौलतपुर जमालपुर में दीपावली एवं लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने आकर्षक नृत्य, भावपूर्ण नाट्य मंचन और पारंपरिक पूजा-अर्चना के माध्यम से भारतीय संस्कृति, पारिवारिक संस्कार और लोक आस्था की अनुपम छटा प्रस्तुत की।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य छठु साह, उप-प्रधानाचार्य संतोष कुमार, आचार्यों एवं अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने दीपावली पर आधारित मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने दीपोत्सव के उल्लास और छठ महापर्व की महिमा को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से मंच पर उतारा।

कक्षा सप्तम की छात्राओं तमन्ना, शिवांगी, पलक, प्रगति, शैलजा और सृष्टि ने ‘दुखवा मिटाइए ए छठी मैया’ गीत पर भावपूर्ण प्रस्तुति दी। वहीं, कक्षा षष्ठ की नैना, अनन्या, एलिजा, रिया और श्रुति ने ‘उगे हे सूरज देवा’ गीत पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। कक्षा चतुर्थ की आयुषी, अनुशिखा और शिवानी ने ‘राम आएंगे तो अंगना सजाएंगे’ गीत पर प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

विद्यार्थियों ने छठ महापर्व के नहाय-खाय से लेकर उषा अर्घ्य तक के विभिन्न अनुष्ठानों का भावपूर्ण नाट्य मंचन किया। इसके पश्चात विद्यालय परिसर में विशेष रूप से निर्मित कृत्रिम छठ घाट पर अतिथियों एवं विद्यार्थियों ने पारंपरिक पूजा सामग्री के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य छठु साह ने कहा कि दीपावली और छठ पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक समरसता और पारिवारिक मूल्यों के आधार स्तंभ हैं। ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ संस्कारयुक्त शिक्षा को भी मजबूत बनाते हैं।

उप-प्रधानाचार्य संतोष कुमार ने कहा कि छठ महापर्व प्रकृति, स्वच्छता, अनुशासन और लोक आस्था का अद्भुत संगम है। विद्यार्थियों द्वारा परंपराओं का सजीव चित्रण नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति के प्रति जागरूक और संवेदनशील बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी आचार्यों ने सक्रिय योगदान दिया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के पदाधिकारी, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

मुंगेर से राजा रमन झा की रिपोर्ट

You missed