भागलपुर: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर बूढ़ानाथ गंगा घाट पर व्रतियों की सेवा और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर अंग सेवा समिति, भागलपुर की वार्षिक बैठक गुरुवार, 5 नवंबर 2026 को बूढ़ानाथ स्थित एक स्थानीय विवाह भवन में संपन्न हुई। बैठक में समिति ने लगातार 41वें वर्ष छठ व्रतियों की सेवा करने का संकल्प लिया।

बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष अभय कुमार घोष (सोनू) ने की, जबकि महासचिव प्रवीण कुमार एवं सचिव मोहित सिंह ने संयुक्त रूप से संचालन किया।

बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष अभय कुमार घोष ने कहा कि समिति पिछले 40 वर्षों से बूढ़ानाथ गंगा घाट पर छठ व्रतियों की सेवा करती आ रही है। इस वर्ष संस्था का 41वां वर्ष है। उन्होंने कहा कि हजारों की संख्या में घाट पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना समिति की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सदस्यों का संकल्प है कि जीवन पर्यंत छठ घाट पर सेवा का यह कार्य जारी रहेगा।

सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में रहा है योगदान

अध्यक्ष ने समिति के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए बताया कि संस्था पूर्व में राज्य स्तरीय सीनियर आमंत्रण क्रिकेट टूर्नामेंट, एकता एवं सद्भावना कैरम प्रतियोगिता, वाद-विवाद, भाषण, बैडमिंटन और डबल विकेट क्रिकेट टूर्नामेंट सहित कई कार्यक्रम आयोजित करती रही है। इसके अलावा सरस्वती पूजा और रक्तदान जैसे सामाजिक कार्यों में भी समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

उन्होंने बताया कि लगभग 30 वर्ष पूर्व भागलपुर में विवाह समारोहों के दौरान कैटरिंग और वेटर की व्यवस्था उपलब्ध नहीं होने पर समिति के सदस्य जरूरतमंद परिवारों को निःशुल्क भोजन परोसने के साथ आर्थिक सहयोग भी करते थे। वर्तमान में सदस्यों की व्यस्तता के बावजूद छठ पूजा की सेवा निरंतर जारी है।

जरूरतमंदों के लिए नई सेवाएं शुरू करने की योजना

समिति के संरक्षक एवं नगर निगम की स्थायी समिति के सदस्य संजय सिन्हा ने कहा कि संस्था वर्षभर जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए तत्पर रहती है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष मॉर्चरी बॉक्स खरीदकर समाज को एक नई सेवा उपलब्ध कराने की योजना है।

संरक्षक डॉ. पंकज टंडन ने आगामी दिनों में रक्तदान शिविर और जरूरतमंद लोगों के आंखों के ऑपरेशन की व्यवस्था जैसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करने का प्रस्ताव रखा। वहीं, संरक्षक कैलाश हरी एवं महंत रमेश झा (पप्पू जी) ने समिति के आगामी सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

बैठक में कोषाध्यक्ष मनोज गुप्ता ने समिति के आय-व्यय का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने इस वर्ष भी बूढ़ानाथ गंगा घाट पर छठ पूजा को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ सफलतापूर्वक संपन्न कराने का संकल्प लिया।

दिवंगत सदस्यों को दी गई श्रद्धांजलि

बैठक के अंत में समिति के संरक्षक स्वर्गीय वीरेंद्र नारायण सिंह (मनोज), पूर्व कोषाध्यक्ष रमन कुमार और पूर्व उपाध्यक्ष जयंत मजूमदार उर्फ बच्चू दा के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बैठक में पहली बार शामिल हुए अनिल कुमार पासवान, वार्ड पार्षद सह पार्षद संघ अध्यक्ष, एवं महाआरती संघ के मुन्ना गांधी को समिति की ओर से अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर चंद्रिका प्रसाद, कर्नल सिंह, रंजीत शाह, सीतांशु मिश्रा, पार्थो घोष, शशांक जायसवाल, विजय मंडल, गुड्डू राय, विक्रम शाह, सुनील शाह, प्रहलाद चौधरी, राजेश टंडन, विनय सिंह, अविरल राज, गौरव जोशी, राजकुमार शाह, राजीव सिंह, निखिल टंडन, सुधीर भगत, कन्हैया कपूर, प्रशांत घोष सहित समिति के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। बैठक एवं आगामी कार्यक्रमों की जानकारी समिति के मीडिया प्रभारी विशाल कुमार ने दी।

भागलपुर से राजा रमन झा की रिपोर्ट

You missed