रांची: रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से एक जुलाई 2026 से संचालित पांच नियमित उड़ानों का परिचालन अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। इनमें एयर इंडिया एक्सप्रेस की चार और इंडिगो एयरलाइंस की एक उड़ान शामिल है। एयरलाइन कंपनियों के अनुसार एयर टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) की बढ़ती लागत और विमानों की उपलब्धता में कमी के कारण यह फैसला लिया गया है। यह व्यवस्था फिलहाल अगली सूचना तक प्रभावी रहेगी।

बंद की गई उड़ानों में एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या IX 2379/2378 (दिल्ली-रांची-दिल्ली), IX 1053/1051 (दिल्ली-रांची-दिल्ली), IX 2373/2372 (हैदराबाद-रांची-मुंबई) और IX 2375/2374 (मुंबई-रांची-हैदराबाद) शामिल हैं। वहीं, इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या 6E 7317/6E 7251 का संचालन भी फिलहाल रोक दिया गया है।

इन उड़ानों के बंद होने से रांची से दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद और कोलकाता के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसका सबसे अधिक असर व्यावसायिक यात्रियों, छात्रों और इलाज के लिए यात्रा करने वाले लोगों पर पड़ने की संभावना है।

यात्रियों को अपनी यात्रा योजनाओं में बदलाव करना पड़ सकता है। एयरलाइंस ने प्रभावित यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानों में टिकट बुक कराने या उपलब्ध अन्य विकल्पों का उपयोग करने की सलाह दी है। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार स्थिति सामान्य होने और विमानों की उपलब्धता बढ़ने के बाद इन उड़ानों के संचालन पर पुनर्विचार किया जाएगा।

अमृता कुमारी