चंडी (नालंदा): नालंदा जिले के चंडी थाना क्षेत्र में फोन रिचार्ज कराने और दवा देने का झांसा देकर एक विधवा महिला के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही चंडी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज छह घंटे के भीतर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
बुधवार को थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस निरीक्षक चंदन कुमार सिंह ने बताया कि नगरनौसा थाना क्षेत्र की रहने वाली एक विधवा महिला ने शिकायत दर्ज कराई है कि मंगलवार की शाम लक्ष्मी बिगहा गांव के खंधा में तीन युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष अखिलेश झा के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम में दरोगा श्वेता कुमारी, प्रिंसदीप, ललन सिंह, आनंद कुमार, सहायक अवर निरीक्षक छोटेलाल पासवान, सिपाही सत्यनारायण दास समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस ने त्वरित छापेमारी कर लक्ष्मी बिगहा गांव से तीनों आरोपितों विकास कुमार, नीतीश कुमार और शैलेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार विकास कुमार के खिलाफ पहले से हत्या और मारपीट के मामलों में भी प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस ने तीनों आरोपितों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।
नालंदा से संजय कुमार की रिपोर्ट
