पटना : पटना सिटी के न्यू अजीमाबाद कॉलोनी स्थित JTM Step-Up School में सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था JTM की ओर से 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्रधानाचार्या फातिमा जुबैरी द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई।

समारोह के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर अपने विचार साझा किए। बच्चों ने देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम और देश के प्रति अपने सम्मान को व्यक्त किया।

इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास, देश की एकता-अखंडता और नागरिक जिम्मेदारियों के बारे में भी जानकारी दी गई।

विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों में देशप्रेम, आपसी भाईचारा, अनुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी संस्था की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। समारोह ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत किया।