पटना : स्वच्छ भारत मिशन के तहत देश के 50 शहरों को स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट मॉडल के रूप में विकसित करने की दिशा में PRAGATI-50 कार्यक्रम की शुरुआत की गई। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में बिहार के नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा ने वर्चुअल माध्यम से हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के तहत देश के 24 राज्यों के 50 शहरों का चयन किया गया है। इनमें बिहार के पटना और गया जी को भी शामिल किया गया है। इस पहल का उद्देश्य चयनित शहरों में मौजूदा स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत करने के साथ आधुनिक तकनीक, नवाचार और नागरिक सहभागिता को बढ़ावा देना है।

मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि PRAGATI-50 के माध्यम से पटना और गया जी को स्वच्छता के क्षेत्र में नए मॉडल के रूप में विकसित करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित भारत के संकल्प तथा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के स्वच्छ, सुंदर एवं आधुनिक बिहार के विजन को आगे बढ़ाने में यह पहल महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उन्होंने बताया कि दोनों शहरों में स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, उपयोग किए गए जल के प्रबंधन, आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल और नागरिक सहभागिता पर विशेष जोर दिया जाएगा। सरकार का लक्ष्य इन क्षेत्रों में प्रभावी सुधार करते हुए नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

PRAGATI-50 के तहत चयनित शहरों को केवल नियमित स्वच्छता गतिविधियों तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि उन्हें सतत स्वच्छता और बेहतर प्रदर्शन के मानकों पर विकसित किया जाएगा। स्थानीय स्तर पर स्वच्छता से जुड़ी चुनौतियों के समाधान के लिए अभिनव प्रयोगों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।

इस पहल में प्रमुख शहरों के साथ सांस्कृतिक एवं पर्यटन महत्व वाले शहरों तथा आर्थिक केंद्रों को भी शामिल किया गया है। इसके माध्यम से शहरी स्वच्छता व्यवस्था में दिखाई देने वाला सुधार लाने और विभिन्न हितधारकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा।

बिहार सरकार के अनुसार, PRAGATI-50 में पटना और गया जी का चयन राज्य में चल रहे स्वच्छता एवं शहरी विकास के प्रयासों को नई गति देने में सहायक होगा। इससे दोनों शहरों में आधुनिक स्वच्छता प्रणालियों और नवाचारों को लागू करने के साथ नागरिकों को बेहतर शहरी वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।