पटना : बिहार में आई बाढ़ से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए राज्य सरकार को संस्थागत सहयोग मिलना जारी है। इसी क्रम में बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड और बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड ने मुख्यमंत्री राहत कोष में कुल 4.5 करोड़ रुपये का योगदान दिया है।
मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ कक्ष में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड की ओर से 2.5 करोड़ रुपये तथा बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड की ओर से 2 करोड़ रुपये का चेक मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को सौंपा गया।
मुख्यमंत्री ने दोनों संस्थानों की ओर से किए गए इस सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आपदा और कठिन परिस्थितियों के समय मुख्यमंत्री राहत कोष में प्राप्त राशि जरूरतमंद लोगों की सहायता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि समाज के सक्षम वर्ग और संस्थानों की सहभागिता से राहत एवं सहायता के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत और सहायता पहुंचाने में सामूहिक सहयोग की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि विपदा की घड़ी में जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए सभी सक्षम लोगों और संस्थानों को आगे आना चाहिए।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के अध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार तथा बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सौरभ जोरवाल उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री राहत कोष में दिए गए इस योगदान से बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए राहत एवं सहायता कार्यों को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
